
वृद्धा ने तोड़ा दम तोड़ा, शहर में किसी महिला की पहली मौत, एक अन्य महिला की स्थिति भी गंभीर
जोधपुर। सूर्यनगरी में कोरोना ने एक बार फिर अपना कहर दिखाना शुरू कर दिया है। यहां चंद घंटों के भीतर दो मौतें हो गई। रविवार तडक़े महात्मा गांधी अस्पताल में कोरोना संक्रमित एक साठ वर्षीय महिला की मौत हो गई। जोधपुर में कोरोना से किसी महिला की यह पहली मौत है। इस तरह अब तक चार जने करोना वायरस से अपनी जान गंवा चुके है। उसकी मौत से कुछ घंटे पहले ही शनिवार रात एम्स में भर्ती 65 वर्षीय कोरोना संक्रमित की मौत हुई थी। इसके अलावा एक और कोरोना संक्रमित महिला की स्थिति बहुत गंभीर बनी हुई है। उसे वेंटिलेटर पर लिया हुआ है।
प्रतापनगर संजय सी कॉलोनी निवासी साठ वर्षीय रमजाना बानो पत्नी माजिद को 24 अप्रेल को महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शनिवार दोपहर जांच रिपोर्ट में वह कोरोना संक्रमित पाई गई थी। देर रात ढाई बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शहर में चंद घंटों के अंतराल में कोरोना वायरस के कारण दो जनों की मौत हो गई। इससे पहले मोहनपुरा पुलिया क्षेत्र में रहने वाले दिनेश परिहार को शुक्रवार को जोधपुर एम्स में भर्ती कराया गया था। शनिवार को जांच रिपोर्ट में इन्हें पॉजिटिव पाया गया था। रात को एम्स में इलाज के दौरान इनकी मौत हो गई। चंद घंटों में ही दो मौत होने के बाद प्रशासन ने मोहनपुरा पुलिया और प्रतापनगर संजय कॉलोनी क्षेत्र को घेरे में ले लिया है और पूरे क्षेत्र में सघन जांच अभियान शुरू किया गया है। इन दोनों क्षेत्रों में घर-घर जांच की जा रही है। साथ ही दोनों मृतकों के संपर्क में आए लोगों का पता लगाया जा रहा है। रात को दोनों मृतकों के शव एमडीएम मोर्चरी में पूरी तरह से पैक कर रखवाए थे। आज दोपहर प्रशासन की तरफ से ही इनका अंतिम संस्कार करवाया गया।
अब तक चार मौतें
जोधपुर में कोरोना संक्रमण से अब तक चार मौतें हुई है। गत 8 अप्रेल की देर रात एमडीएम अस्पताल में पहली मौत प्रतापनगर यूआईटी कॉलोनी निवासी लालचंद धनानी (77) की हुई थी। फिर 16 अप्रेल की रात एमडीएम अस्पताल में दूसरी मौत खेतानाड़ी मंडोर निवासी मोहम्मद हाफिज (56) की हुई। इसके बाद 25 अप्रेल की रात एम्स जोधपुर में मोहनपुरा पुलिया रातानाडा निवासी दिनेश परिहार (65) और उसके चंद घंटों बाद प्रतापनगर निवासी साठ वर्षीया रमजाना पत्नी मजीद की मौत हुई।