दादरा एवं नगर हवेली के प्रशासक बनें प्रफुल पटेल, वर्तमान प्रशासक मधुप व्यास को किया गया कार्य मुक्त 

दादरा एवं नगर हवेली के प्रशासक बनें प्रफुल पटेल, वर्तमान प्रशासक मधुप व्यास को किया गया कार्य मुक्त  | Kranti Bhaskar
भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा संघ प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली के प्रशासक मधुप व्यास को कार्य मुक्त कर दिया गया है और अब दानह के प्रभारी प्रशासक के रूप में दमण-दीव प्रशासक प्रफुल पटेल को नियुक्त किया गया है. एजीएमयूटी:२००० बैच के आईएएस अधिकारी मधुप व्यास को दानह प्रशासक के पद से कार्य मुक्त कर दिया गया है. इस संबंध में गुरुवार को भारत सरकार गृह मंत्रालय के ज्वाइंट सेक्रेटरी प्रवीण कुमार श्रीवास्तव द्वारा आदेश भी जारी किया गया है. जिसमें दमण-दीव के प्रशासक प्रफुलभाई पटेल को दादरा एवं नगर हवेली के प्रशासक का अतिरिक्त कार्यभार सौपे जाने की बात कही गयी है.
उल्लेखनीय है कि भारत सरकार द्वारा कुछ माह पूर्व संघ प्रदेश दमण-दीव में प्रशासक के रूप में प्रफुल पटेल को नियुक्त किया गया था और फिर दानह प्रशासक के रूप में आईएएस अधिकारी मधुप व्यास को नियुक्त किया गया था. दोनों प्रदेशों में अलग-अलग प्रशासकों को नियुक्त किया गया था. जिसके बाद २९ दिसम्बर को पुन: भारत सरकार की तरफ से आदेश जारी किया गया जिसमें अब संघ प्रदेश दमण-दीव के प्रशासक प्रफुल पटेल को दानह प्रशासक का भी अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. इस संदर्भ में भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा जारी आदेश में बताया गया है कि प्रफुलभाई खोड़ाभाई पटेल को संघ प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली का प्रशासक नियुक्त किया गया है जबकि उनके पास दमण-दीव प्रशासक का चार्ज रहेगा. इसके साथ ही आईएएस अधिकारी मधुप व्यास को दादरा एवं नगर हवेली के प्रशासक पद से कार्य मुक्त किया गया है. अब संघ प्रदेश दमण-दीव तथा दादरा एवं नगर हवेली में प्रशासक के रूप में प्रफुल पटेल कार्यरत रहेंगे. संभवत: आज शुक्रवार को प्रशासक प्रफुल पटेल सिलवासा में कार्यभार ग्रहण करेंगे. दमण-दीव में प्रशासक प्रफुल पटेल के कार्य और उनकी स्वच्छ छवि को देखते हुए उन्हें दादरा नगर हवेली के प्रशासक का भी कार्यभार सौपा है.