
जम्मू के मुख्य बस स्टैंड पर बम धमाका हुआ है। आतंकवादियों द्वारा दिन दहाड़े हथगोला फेंके जाने के विस्फोट में 28 लोग के गंभीर रूप से घायल होने की ख़बर आई है जबकि इनमें दो की हालत गंभीर बताई जाती है। सभी घायलों को इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कालेज अस्पताल भर्ती कराया गया है। विस्फोट की जानकारी मिलते ही पुलिस तथा वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
इस घटना के बाद तमाम इलाके को सील कर दिया गया है। शहर में तमाम नाकों पर वाहनों की गहन तलाशी ली जा रही है। इस घटना के बाद जम्मू संभाग के आईजी मुनीष सिन्हा ने बताया कि आतंकवादियों की धरपकड़ के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
नौ महीनों में यह तीसरा बड़ा ग्रेनेड हमला
जम्मू मुख्य बस स्टैंड में पिछले नौ महीनों में यह तीसरा बड़ा ग्रेनेड हमला हुआ है। इससे पहले 28 दिसंबर 2018 में मुख्य बस स्टैंड के गुम्मट बाजार वाले प्रवेश द्वार पर हमला किया गया था। इसमें चार लोग घायल हो गए थे। उससे पहले उसी साल जून में भी आतंकवादियों ने बीसी रोड स्थित बस स्टैंड के प्रवेश द्वार पर खड़ी पुलिस की फ्लाइंग स्केवड को निशाना बनाते हुए फ्लाई ओवर से ग्रेनेड फेंका था। इसमें आठ लोग घायल हो गए थे।