इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स की जैसलमेर जिला इकाई ने जिला अध्यक्ष गणपत दैया के नेतृत्व में जैसलमेर जिला कलेक्टर टीना डाबी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि 15 अक्टूबर को बाड़मेर के पत्रकार सबल सिंह भाटी व उसके बाद बालोतरा के पत्रकार धर्मवीर दवे पर हुए जानलेवा हमले की जिला पत्रकार संघ घोर निंदा करता है। इस घटना से पत्रकारों में काफी रोष है। आए दिन पत्रकारों पर हो रहे हमलों से हमलावरों व अपराधियों के हौसले बुलंद है। इन हमलावरों पर कार्रवाई कर इन्हें सख्त सजा दिलाई जाए, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाएं घटित ना हो और लोकतंत्र का चौथा स्तंभ कहा जाने वाला मीडिया निष्पक्ष व सटीक खबरों से जनता को रूबरू करा सके।
ज्ञापन सौंपते समय आईएफडब्ल्यूजे के जिलाध्यक्ष गणपत दैया, सिकंदर शेख, शंकर दान देथा, सूर्यवीर सिंह, जगदीश गोस्वामी, तनेरावसिंह, धर्मेंद्र प्रजापत, रमेश प्रजापत, तन्मय बिस्सा, घेवरसिंह, आस्करण सिंह सहित पत्रकार मौजूद रहे।