दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि दिल्ली में करीब 7 हजार कोरोना पॉजिटिव केस हैं। इसमें से 1500 लोग हॉस्पिटल में हैं। इसमें से सिर्फ 27 ही वेंटिलेटर पर हैं। उन्होंने बताया कि ज्यादा केस माइल्ड लक्षण या बिना लक्षण वाले हैं। केजरीवाल ने आगे कहा कि कोरोना वायरस से जान गंवानेवाले ज्यादा लोग बुजुर्ग हैं। उन्होंने बतायाकि दिल्ली में कोरोना से हुई कुल मौतों में से 82 प्रतिशत 50 साल से ऊपर के हैं। केजरीवाल ने कहा कि ‘इस मुसीबत की घड़ी में कोरोना वॉरियर्स अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों का इलाज कर रहे हैं। ऐसे में अगर वे कोरोना वायरस का शिकार होंगे तो उनके बेहतर इलाज की भी जिम्मेदारी हमारी है।’
इस के दौरान सीएम केजरीवाल ने प्रवासी मजदूर के पलायन को लेकर भी दुख जताया। उन्होंने कहा कि ‘मैं कई दिनों से सोशल मीडिया पर मजदूरों के पलायन की तस्वीरें देख रहा हूं। जिनमें मजदूर पैदल चल रहे हैं। उनके पैरों में छाले पड़ गए. ये देखकर तकलीफ होती है।’ अरविंद केजरीवाल ने मजदूरों से अपील करते हुए कहा कि ‘हमनें आपके खाने पीने का बंदोस्त किया हुआ है। आप दिल्ली छोड़कर मत जाइए। लेकिन फिर भी आप जाना चाहते हैं तो आपको लिए हमनें ट्रेनों का इंतजाम किया है। हमनें बिहार और मध्यप्रदेश ट्रेन भेजी भी है। हम आपकी जिम्मेदारी लेते हैं बस आप पैदल मत जाइए।’