सिलवासा। ५ जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर लायंस इग्लिश स्कूल एवं श्रीमती देवकीबा मोहनसिंह जी चौहान कॉलेज कॉमर्स एंड साइंस प्रागंण में मंगलवार को स्कूल एवं कॉलेज प्रागंण में उपस्थित सभी अतिथियों एवं शिक्षक शिक्षिकाओं द्वारा वृक्षारोपण किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ लायंस क्लब ऑफ सिलवासा चैरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन फतेहसिंह चौहाण ने पौधारोपण कर किया तदोपरांत सेक्रेटरी देवदासभाई शाह, ट्रेजरर विश्वेष दवे, ट्रस्टी जयेन्द्रसिंह राठोड, पूर्व शिक्षाधिकारी एच.पी. सोलंकी, कॉलेज के प्रधानाचार्य अंबादास जाधव, स्कूल के प्रधानाचार्य पी. धनशेकरण, उपप्रधानाचार्य निराली पारेख सहित स्कूल एवं कॉलेज के शिक्षक एवं शिक्षिकाओं ने वृक्षारोपण किया।
इस अवसर पर लायंस क्लब ऑफ सिलवासा चैरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन फतेहसिंह चौहाण ने अपने संबोधन में पर्यावरण की रक्षा में वृक्षों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज मानव सभ्यता की सबसे बडी समस्या ग्लोबल वार्मिंग है। प्रकृति से छेडछाड और पेडों की अंधाधुंध कटाई की वजह से वन लगातार कम होते जा रहे हैं जिसके कारण भौगोलिक संतुलन बिगड रहा है। इन खतरों से बचने के लिए एकमात्र उपाय वृक्षारोपण है इसलिए पेड लगाओ प्रकृति बचाओ। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को दूषित होने से बचाने के लिए वृक्षों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, इसलिए हमे वृक्षारोपण पर विशेष जोर देने की जरूरत है। इसके अलावा हरियाली बढेगी तो निश्चित रूप से वर्षा अच्छी होगी और उससे खाद्य पदार्थो के उत्पादन में वृद्धि होगी।


अच्छे पैदवार से महंगाई पर लगाम लगेगी। इस तरह वृक्षारोपण से हमे अनेको फायदे मिलते है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य बनता है कि अपने जीवन काल में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं। जनता व सरकार का दायित्व बनता है कि अधिक से अधिक वृक्ष लगाकर वातावरण को दूषित होने से बचाएं। ऐसा करके हम अपना ही नहीं, सर्वजन हितकारी कल्याण का काम करेंगे। हमें वृक्षों और वनों को अपने पुत्रों की भांति पालना व रक्षा करनी होगी, वृक्षों का निष्प्रयोजन काटना न हो और हो भी तो उतने या उससे दुगुने वृक्ष अवश्य लगाने चाहिए।


अगर समय रहते नहीं चेते तो दूषित वातावरण हमें और हमारी पीढी के विनाष का कारण बन सकता है। अतः हमे अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण में सुधार करना चाहिए है। जिससे हमें शुद्ध वातावरण मिलेगा। इस अवसर पर लायंस क्लब ऑफ सिलवासा चैरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन फतेहसिंह चौहाण, सेक्रेटरी देवदासभाई शाह, ट्रेजरर विश्वेष दवे, ट्रस्टी जयेन्द्रसिंह राठोड, पूर्व शिक्षाधिकारी एच.पी. सोलंकी, कॉलेज के प्रधानाचार्य अंबादास जाधव, स्कूल के प्रधानाचार्य पी. धनशेकरण, उपप्रधानाचार्य निराली पारेख सहित स्कूल एवं कॉलेज के शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।
उल्लेखनीय है कि लायंस इग्लिश स्कूल ने एक अनोखा एवं प्रशंसनीय पहल भी शुरू किया है जिसके अंतर्गत स्कूल एवं कॉलेज के शिक्षक अपने जन्मदिवस के अवसर पर एक वृक्ष लगाते हैं।