गृहमंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में दादरा एवं नगर हवेली के लिए गृहमंत्री सलाहकार समिति की बैठक सम्पन्न

सिलवासा : केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को संघ प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली के लिए गृहमंत्री सलाहकार समिति की बैठक हुई. जिसमें प्रदेश के प्रशासक प्रफुल पटेल की अगुवाई में चुने जनप्रतिनिधियों ने भाग लेकर विविध समस्याओं को प्रस्तुत किया. इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष रमण काकवा ने प्रदेशहित के महत्वपूर्ण मुद्दों पर रजुआत की. जिसमें सर्वप्रथम दादरा एवं नगर हवेली में सरकारी मेडिकल कॉलेज जल्द चालू करने की मांग की गयी. इसके बाद विधवा पेंशन, वृद्धा पेंशन, दिव्यांग पेंशन योजना के तहत समय-मर्यादा में फंड रिलीज करने, स्वच्छ भारत अभियान अंतर्गत गरीबों को अच्छी गुणवत्ता वाला शौचालय की सुविधा मिले इसके लिए फंड में बढ़ोतरी करने की मांग की गयी. इसी तरह से जिला पंचायत हस्तक के तमाम 29 विभागों में से बाकी के विभागों को दादरा नगर हवेली रेग्युलेशन एक्ट-2012 के तहत जिला पंचायत को सुपुर्द करने की मांग की गयी, साथ ही माध्यमिक शिक्षण विभाग के कक्षा 9 एवं 10 का जिला पंचायत द्वारा संचालन हो ऐसी व्यवस्था करने एवं जंगल में रहने वाले गरीब आदिवासियों को रोड की सुविधा उपलब्ध कराने, जंगल-जमीन पर रोड बनाने के लिए प्राथमिकता देनी चाहिए तथा जिला पंचायत के ग्रामीण विकास एजेंसी को समय पर फंड देने के साथ चुने जनप्रतिनिधियों को अंडमान-निकोबार की तर्ज पर मेहनताना मिलना चाहिए जैसी मांग की गयी. इसके साथ ही कौंचा में पुल निर्माण की भी मांग की गयी.
इस बैठक में नगरपालिका सदस्य सुमन पटेल ने आदिवासियों की जनसंख्या के आधार पर रिजर्वेशन सीट का आवंटन करने की मांग की. बढ़ते दुर्घटनाओं को ध्यान में रखते हुए नरोली रोड चार रास्ता शहीद चौक के पास फलाईओवर ब्रिज बनाने के साथ सायली में स्टेडियम ग्राउंड का काम शुरू करने तथा बढ़ती जनसंख्या को ध्यान में लेकर नगरपालिका की सीट बढ़ाने की मांग की गयी.
  • जिला पंचायत अध्यक्ष रमण काकवा ने उठाये प्रदेशहित के कई महत्वपूर्ण मुद्दें
  • सरकारी मेडिकल कॉलेज, समय पर पेंशन फंड, कौंचा में पुल निर्माण जैसे मुद्दों पर जोर   
  • गृहमंत्री ने दानह को एक मॉडल संघ प्रदेश बनाने सांसद के प्रस्ताव की सराहना की 
 संघ प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली के लिए गृहमंत्री सलाहकार समिति की बैठक शुक्रवार को दिल्ली में केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में उनके निवास स्थान में संपन्न हुई. बैठक का मुख्य उद्देश्य दादरा एवं नगर हवेली की समस्यांओं को जानना और उनका निराकरण करना था. बैठक में विभिन्न विषयों और विकासशील योजनाओं पर चर्चा की गयी. इस दौरान सांसद नटू पटेल द्वारा कई विषयों को उठाया गया. जिसमें मुख्य रुप से सिलवासा में मेडिकल कॉलेज, कौंचा से दुधनी पुल, रिंग रोड, प्रिवेंशन ऑफ लाईफस्टाईल डिजीस पार्क का निर्माण, प्रशासन में रिक्त पड़े 819 पदों को भरना, सिवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, सिलवासा में पेयजल की समस्या आदि शामिल थे. इस दौरान गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने आश्वासन दिया है कि उपरोक्त विषय इस बैठक में उठाये गये है उन्हें जल्द से जल्द पूरा किया जाएगा. उन्होंने कहा कि सिलवासा में मेडिकल कॉलेज और कौंचा से दुधनी तक पुल का निर्माण कार्य जल्द ही शुरु किया जाएगा. सिलवासा के लिए रिंग रोड, प्रिवेंशन ऑफ लाईफस्टाईल डिजीस पार्क, प्रशासन में रिक्त पड़े 819 पदों को भरने इन सभी कार्यो को भी गृहमंत्री ने सहमति प्रदान की. सिलवासा, नरोली, सामरवरणी और दादरा में आधुनिक सिवरेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाया जाएगा. सिलवासा में पेयजल की समस्या को भी युद्धस्तर पर पूरा किया जाएगा साथ ही सिलवासा में सभी सुविधायुक्त एक सब्जी मार्केट का निर्माण किया जाएगा. सांसद नटू पटेल ने गृहमंत्री राजनाथ सिंह से दादरा एवं नगर हवेली को एक मॉडल संघ प्रदेश बनाने के बारे में चर्चा की. जिसे माननीय गृहमंत्री ने सराहा और कहा कि इस प्रदेश को मॉडल संघ प्रदेश बनाने में जो भी सहायता चाहिए हम देंग़ें. बैठक में गृहमंत्री राजनाथ सिंह के साथ गृह सचिव राजीव महर्षि, संयुक्त सचिव ज्ञानेश भारती, दानह प्रशासक प्रफुल पटेल, दानह सांसद नटू पटेल, प्रशासक के सलाहकार जे.बी.सिंह, ओएसडी एम.एस.गोहिल, दानह भाजपा अध्यक्ष हसमुख भंडारी, पूर्व सांसद सीताराम गवली, सिलवासा नगरपालिका अध्यक्ष राकेशसिंह चौहाण, पूर्व दानह भाजपा अध्यक्ष दिग्विजय सिंह परमार, जिला पंचायत सदस्य जीतुभाई माढ़ा, पुर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर वाघमारे और समिति के अन्य सदस्य और अधिकारीगण उपस्थित थे.
home minister advisory committee home minister advisory committee
हम आपकों बता दें कि इस बैठक में गृह मंत्री ने दानह प्रशासन द्वारा प्रशासक प्रफुल पटेल के मार्गदर्शन में किए गए कार्यों की सराहना की. बैठक में सदस्यों द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों के अतिरिक्त गृह मंत्री ने उजाला, आधार, डीबीटी, ओडीएफ, पहल, एफपीएस में पीओएस, सभी के लिए आवास, एस.एस.ए., बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी विभिन्न सरकारी योजनाओं में प्रगति की समीक्षा की. इस दौरान प्रशासक प्रफुल पटेल ने कुष्ठ रोगियों के मामलों की जांच के लिए दानह को विशेष विशेषज्ञ स्वास्थ्य टीम भेजने के लिए गृह मंत्री से अनुरोध किया. गृह मंत्री ने प्रशासक द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की.