संघ प्रदेश दमण के परकोटा शेरी में शुक्रवार से महिला पुलिस सेल शुरू हो गया है. महिलायें अपने उपर हो रहे जुर्म सहित की शिकायतें इस पुलिस महिला सेल में करवा सकती है. महिला पुलिस सेल का लोकार्पण शुक्रवार को प्रशासक के सलाहकार व गृह सचिव एस.एस.यादव द्वारा किया गया. प्राप्त जानकारी के अनुसार संघ प्रदेश दमण-दीव, दादरा एवं नगर हवेली के प्रशासक प्रफुल पटेल के सलाहकार एवं गृह सचिव एस.एस.यादव ने दमण में शुक्रवार को पहली महिला पुलिस सेल (चौकी) का उद्घाटन किया. संघ प्रदेशों की उप पुलिस महानिरीक्षक मेघना यादव एवं पुलिस अधिकारियों के साथ दमण-दीव-दानह की पहली महिला पुलिस चौकी का उन्होंने इनोग्रेशन किया. इस मौके पर प्रशासनिक अधिकारी दीपक कुमार, पूजा जैन, दमण पुलिस अधीक्षक सेजू पी. कुरुविला, दानह पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार मिश्रा, एसडीपीओ मनस्वी जैन के साथ ही पीआई भरत पुरोहित, पीआई सोहिल जीवाणी, ट्रैफिक सेल इंचार्ज पंकेश टंडेल, आशा फाउंडेशन की संचालिका तरूणा पटेल, दामिनी वुमेंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन सिंपल टंडेल, महिला मंडल प्रमुख प्रभाबेन शाह, होटल एसो. प्रमुख गोपाल मीरामार मौजूद थे.

इस संदर्भ में डीआईजीपी मेघना यादव ने बताया कि इस महिला पुलिस सेल में आकर पीडि़त महिलायें अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं. यहां उन्हें समस्याओं पर कानूनी मार्गदर्शन के अलावा पुलिस सहायता भी मिलेगी. यहां महिला डीवाईएसपी, इंस्पेक्टर, सब इंस्पेक्टर, एक जेंटस कर्मी सहित 6 स्टॉफ रहेंगे. वहीं दूसरी तरफ वर्षों से पुलिस चौकी की मांग करती आ रहीं दामिनी वुमेंस फाउंडेशन की संचालिका सिंपलबेन ने वुमेंस पुलिस सेल खुलने पर खुशी जताते हुए कहा कि अब महिलायें खुलकर यहां अपनी परेशानियां रख सकेंगी. तरूणा पटेल ने भी महिला पुलिस सेल शुरू होने पर प्रसन्नता जताई और कहा कि यहां महिलायें आसानी से अपनी समस्यायें महिला पुलिस के सामने व्यक्त कर सकेंगी. कार्यक्रम में पुलिस कर्मियों, नागरिकों की मौजूदगी रही. उल्लेखनीय है कि दमण-दीव में महिलाओं के लिए अलग से पुलिस स्टेशन की मांग लंबे समय से की जा रही है. जिसके मद्देनजर प्रशासक प्रफुल पटेल ने इस ओर खास ध्यान देकर महिला पुलिस सेल बनाकर कार्य करने को कहा, जिसके बाद दमण-दीव पुलिस विभाग द्वारा नानी दमण के परकोटा शेरी में पहली महिला पुलिस सेल शुरू की गयी है. जिसका उदघाटन प्रशासक के सलाहकार एवं गृह सचिव एस.एस.यादव द्वारा किया गया.