इंदिरा रसोई योजना : जोधपुर में 8 रुपए में मिलेगी सब्जी, दाल और रोटी

जोधपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के संकल्प मेरे प्रदेश में कोई भूखा न सोय को साकार करने के लिए नगरीय निकायों में बीस अगस्त से इंदिरा रसोई योजना शुरू की जाएगी। इसके तहत आठ रुपए में एक सब्जी, दाल और रोटी दी जाएगी। जोधपुर ( Jodhpur )  नगर निगम क्षेत्र में 12 स्थानों पर और जिले की चार नगर पालिकाओ फलोदी, पीपाड़ शहर, बिलाड़ा और भोपालगढ़ में एक-एक इंदिरा रसोई योजना का शुभारंभ किया जाएगा। इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर भवन, फर्नीचर, खाद्य सामग्री बनाने के संसाधनों की व्यवस्था कर ली गई है। यह जानकारी इस योजना के पदेन सचिव और कोषाध्यक्ष समन्वय व मॉनिटरिंग समिति नगर निगम के आयुक्त आरएस तोमर और नोडल अधिकारी एडीएम एमएल नेहरा ने संवाददाता सम्मेलन में दी।

उन्होंने बताया कि जोधपुर ( Jodhpur ) शहर में 16 स्थानों पर इंदिरा रसोई योजना संचालित की जानी है लेकिन वर्तमान समय में इसको 12 स्थानों पर शुरू किया जाएगा जिसमें कबीर नगर आश्रय स्थल, फिदुसर चौपड़ भोमियाजी का थान, गोकुलजी की प्याऊ आश्रय स्थल, रैगर समाज छात्रावास, अनाज मंडी कृषि मंडी, बारहवी रोड़ चौराहा आश्रय स्थल, सुभाष चौक आश्रय स्थल, एम्स के सामने एसआई ऑफिस, रेलवे स्टेशन जाडेची की बगेची, पंडित दीनदयाल उपाध्याय भवन, पहला पुलिया आश्रय स्थल, भगत की कोठी आश्रय स्थल पर शुरू की जाएगी। इसके साथ ही फलोदी में पुराना सामुदायिक भवन नगर पालिका फलोदी के पास, पीपाड़ में आश्रय स्थल नया बस स्टैंड पर, बिलाड़ा में आश्रय स्थल केन्द्रीय बसस्टैंड के पास और भोपालगढ में चयन प्रक्रियाधीन है।

इस इंदिरा रसोई योजना में सुबह आठ से दोपहर एक बजे तक और शाम को पांच से रात आठ बजे तक खाने की व्यवस्था रहेगी। इसमे प्रत्येक रसोई केन्द्र पर सुबह शाम तीन सौ लोगों को 100 ग्राम सब्जी, 100 दाल और 250 ग्राम रोटियां मिलेगी जिसकी कीमत 8 रुपए ली जाएगी। इसमें सरकारी स्तर पर फंड की व्यवस्था करने के साथ समाजसेवी भी नकद और चेक से भुगतान कर जरूरतमंद को भोजन की व्यवस्था कर सकेंगे।