दमन : संघ प्रदेश दमण-दीव एवं दानह प्रशासक प्रफुल पटेल ने अपने दिल्ली दौरे के दरम्यान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान प्रशासक प्रफुल पटेल ने दमण-दीव तथा दादरा नगर हवेली से जुड़े कई प्रस्तावों पर पीएम मोदी से विस्तारपूर्वक चर्चा की। इन प्रस्तावों में सिलवासा में विश्वविद्यालय और एक मेडिकल कॉलेज की स्थापना का प्रस्ताव प्रमुख है। साथ ही दमण के पर्यटन उद्योग को बढ़ावा देने के लिए भारतीय सेना के पुराने टैंक और एक हवाई जहाज को प्रदर्शनी में दिये जाने का प्रस्ताव भी महत्वपूर्ण है। अगर भारतीय सेना के पुराने टैंक और हवाई जहाज को दमण में प्रदर्शनी के लिए दी जाती है तो इससे यहां आने वाले पर्यटकों को आकर्षित करने में बल मिलेगा और इससे पर्यटन उद्योग को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही मुंबई-दीव-मुंबई के लिए दमण-दीव-दमण के मध्य हाई स्पीड क्राफ्ट सेवा (कैटामरीन सेवा) को लागू करने का प्रस्ताव भी प्रमुख है। प्रशासक प्रफुल पटेल ने दादरा नगर हवेली के विकास के लिए वहां फिल्म सिटी की स्थापना के प्रस्ताव पर भी चर्चा की। अगर प्रदेश में फिल्म सिटी की स्थापना होती है तो इससे फिल्म उद्योग को सिलवासा में स्थापित होने में बल मिलेगा और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मुहैया होंगे। अहमदपुर मांडवी के समुद्र किनारे की संपत्ति को दीव के घोघला बिच के साथ जोड़ने के प्रस्ताव पर भी प्रशासक ने चर्चा की। साथ ही स्टार्ट-अप इंडिया के तहत बंगलूरू के भारतीय प्रबंधन संस्थान के सहयोग से दमण में एज्युकेशन केन्द्र खोलने के प्रस्ताव पर भी विस्तारपूर्वक चर्चा हुई। दीव के सुगति बिच से जुड़े सर्किट हाउस को दमण-दीव प्रशासन को सौंपने का प्रस्ताव भी प्रधानमंत्री के समक्ष रखे। इसी दौरान प्रशासक प्रफुल पटेल ने सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री मनसुख मांडविया से मुलाकात कर दमण-दीव तथा दादरा नगर हवेली के सड़क एवं राष्ट्रीय राजमार्गों से संबंधित कई परियोजनाओं पर सकारात्मक चर्चा की। दोनों संघ प्रदेशों के विकास के लिए प्रशासक प्रफुल पटेल के मार्गदर्शन में कई परियोजनाएं तैयार की गई है। इन परियोजनाओं का मूल उद्देश्य प्रदेश के विकास को और अधिक बल प्रदान करना है। सड़क के विस्तार और राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ी विविध परियोजनाओं के पूर्ण होने से प्रदेश के पर्यटन उद्योग और औद्योगिक क्षेत्र को नवीन ऊर्जा मिलेगी। प्रशासक प्रफुल पटेल के अथक प्रयासों और परिवहन मंत्रालय के सकारात्मक पहल के चलते शीघ्र ही दोनों प्रदेशों के सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग संबंधी मसले शीघ्र हल होंगे और इनसे संबंधित परियोजनाओं को मूर्तरूप मिल सकेगा। प्रशासक प्रफुल पटेल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं परिवहन मंत्री मनसुख मांडविया से हुई इस मुलाकात को सार्थक एवं प्रदेश के विकास के लिए मील का पत्थर बताया।
संपर्क करें
अगर आप कोई सूचना, लेख, ऑडियो-वीडियो या सुझाव हम तक पहुंचाना चाहते हैं तो इस ईमेल आईडी पर भेजें: [email protected]