सिलवासा, संघ प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली में बुधवार को दानह स्वास्थ्य विभाग, स्टेट एड्स कंट्रोल सोसायटी द्वारा विश्व रक्तदाता दिवस मनाया गया. इस अवसर पर सिलवासा स्थित टाउन हॉल में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया. जिसमें रक्तदाताओं ने उत्साह से भाग लेते हुए स्वैच्छिक रक्तदान किया. शिविर में कुल ११६ यूनिट रक्त एकत्रित किया गया. इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी सिलवासा एवं लायंस क्लब के सहयोग से आयोजित इस शिविर में दानह स्वास्थ्य निदेशक डॉ.वी.के.दास मुख्य रूप से मौजूद थे. इनके अलावा रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव कुलदीप सिंह, लायंस क्लब के अतुल शाह सहित अन्य लोग मौजूद थे.

यह शिविर विभिन्न औद्योगिक इकाईयों, संगठनों, एनजीओ, धार्मिक गु्रप के पार्टनरशिप से आयोजित किया गया. इस दौरान स्वास्थ्य निदेशक ने आलोक इण्डस्ट्रीज, सिलवासा इण्डस्ट्रीज एसोसिएशन एवं संत निरंकारी मंडल का इस तरह के शिविर आयोजित करने हेतु सम्मानित किया. इसके साथ ही स्वैच्छिक रूप से रक्तदान करने वाले दाताओं को भी सम्मानित किया गया. इस दौरान उपस्थित सभी को विश्व रक्तदाता दिवस के महत्व की जानकारी दी गयी साथ ही लोगों को रक्तदान करने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया.