राज्यव्यापी आंदोलन के तहत अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के विभिन्न प्रखंडों के शिक्षकों ने काला बिल्ला लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष प्रेम कुमार शर्मा ने कहा कि हमारा आंदोलन चार चरणों में होगा। जिसका शुरुआत शुक्रवार से हुई है। 5 नवम्बर को भी काला बिल्ला लगाकर कार्य किया जाएगा। 7 से 12 नवंबर तक स्थानीय विधायक, जिला परिषद अध्यक्ष, प्रखंडों में प्रखंड प्रमुख सहित अन्य जनप्रतिनिधियों को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। 19 नवंबर को राजधानी रांची में मुख्यमंत्री आवास के समक्ष धरना प्रदर्शन होगा।
वहीं 17 दिसम्बर से मुख्यमंत्री आवास के समक्ष अनिश्चितकालीन अनशन किया जाएगा। संघ शिक्षकों के लिए संशोधित एमएसीपी की स्वीकृति की मांग कर रहा है। 1 जनवरी 2006 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों के छठे वेतनमान के आरंभिक वेतन विसंगति के निराकरण, शिक्षकों के अंतर जिला स्थानांतरण नियमावली में संशोधन,शिक्षकों को अत्यधिक लिपिकीय एवं गैर शैक्षणिक कार्य से मुक्त रखने की मांग की जा रही है।