जोधपुर सांसद और केंद्रीय मंत्री गजेंद्रसिंह शेखावत भी कोरोना पॉजिटिव

Gajendra singh shekhawat

जोधपुर। भाजपा शहर जिलाध्यक्ष देवेंद्र जोशी के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद जोधपुर सांसद और केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्रसिंह शेखावत भी संक्रमित हो गए है। जोशी के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद उन्होंने भी कोरोना जांच करवाई थी। इसमें वह पॉजिटिव पाए गए है। वर्तमान में वे नई दिल्ली में है। वे दो दिन पहले भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया के साथ जोधपुर में थे। कोरोना पॉजिटिव पाए जाने की जानकारी उन्होंने स्वयं ट्वीट करके दी है। वहीं कांग्रेस नेता कुंती देवड़ा भी कोरोना की चपेट में आ गई है। वे राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत से मिलने के बाद संक्रमण की चपेट में आ गई। राजेंद्र गहलोत भी संक्रमित पाए गए थे।

केन्द्रीय मंत्री व जोधपुर के सांसद शेखावत इस समय दिल्ली में है। उन्होंने ट्वीट कर जानकारी दी है कि अस्वस्थता के कुछ लक्षण दिखने पर मैंने कोरोना टेस्ट करवाया और मेरी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। डॉक्टर्स की सलाह पर अस्पताल में भर्ती हो रहा हूं। मेरा अनुरोध है कि गत दिनों में मेरे संपर्क में जो लोग आए हैं वह स्वयं को आइसोलेट कर अपनी जांच करवाएं। आप सभी स्वस्थ रहें और अपना ध्यान रखें। बता दे कि भाजपा शहर जिलाध्यक्ष देवेन्द्र जोशी एक दिन पहले ही कोरोना पॉजिटिव आए थे। जोशी ने दो दिन पूर्व शेखावत के साथ कार्यक्रमों में हिस्सा लिया था। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने भी शेखावत व जोशी के साथ कुछ कार्यक्रमों में भागीदारी निभाई थी। जोधपुर यात्रा के दौरान शेखावत कई लोगों के संपर्क में आए थे। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोग उनके साथ में रहे। अब इन सभी में घबराहट का माहौल है। इनमें से अधिकांश होम आइसोलेट हो चुके है और अपनी जांच करवाने में जुटे हुए है।

भाजपाइयों पर कोरोना की मार
मारवाड़ में भाजपा के नेता लगातार करोना की चपेट में आ रहे है। सबसे पहले बाड़मेर-जैसलमेर सांसद व केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी संक्रमित पाए गए। उनका एम्स जोधपुर में इलाज चला। अब उन्हें अस्पताल से घर भेज दिया गया है और वे होम आइसोलेट है। जोधपुर के निवर्तमान महापौर घनश्याम ओझा, राज्यसभा सांसद राजेन्द्र गहलोत, फलोदी विधायक पब्बाराम विश्नोई व शहर जिलाध्यक्ष देवेन्द्र जोशी भी कोरोना संक्रमित पाए गए और इन सभी का एम्स में इलाज चल रहा है। अब इस सूची में शेखावत का नाम भी शामिल हो गया। शेखावत से पहले नरेंद्र मोदी सरकार के कुछ और मंत्री भी इस संक्रमण की चपेट में आए हैं। इनमें गृहमंत्री अमित शाह, पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, संसदीय कार्य राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल और कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी शामिल हैं। ये सभी केंद्रीय मंत्री कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं।

राजस्थान से तीन मंत्री संक्रमित
शेखावत समेत मोदी टीम में शामिल राजस्थान के तीन मंत्रियों को अब कोरोना अपना शिकार बना चुका है। संसदीय कार्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी पिछले दिनों कोरोना संक्रमित पाए गए थे। हालांकि अब मेघवाल और चौधरी दोनों को जांच रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। वहीं राजस्थान से दो और सांसद डॉ किरोड़ी लाल मीणा और हनुमान बेनीवाल भी कोरोना संक्रमण का शिकार होकर अस्पताल भर्ती हो चुके हैं। मीणा और बेनीवाल को भी छुट्टी मिल चुकी है। अभी दोनों ही सांसद होम क्वारनटीन में हैं।