बिहार चुनाव : दो गज की दूरी चुनावी रेलियों में नहीं है जरूरी?

बिहार चुनाव प्रचार में शुक्रवार को एक ही दिन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी दोनों के एक साथ मैदान में उतरने से सियासी माहौल गरमाता दिखाई दे रहा है। बता दें कि पीएम मोदी और राहुल गांधी की बिहार चुनाव में पहली रैली है। दोनों नेता एक ही दिन चुनाव प्रचार करने उतर रहे हैं। तसवीरों में भीड़ देखकर लगता है जैसे दो गज की दूरी का चुनावी रेलियों से कोई सरोकार नहीं। बिहार में इन दिनों सियासी सरगर्मी जोरों पर है और सभी पार्टियां जोरदार प्रचार में लगी हैं। प्रधान मंत्री मोदी की रेलियों में, राहुल गांधी की रेलियों में, चिराग पासवान की रेलियों में जो भीड़ दिखाई दे रही है उसे देखकर तो यही लगता है जनता पर सोशल डिस्टेन्सिंग केवल उस वक्त लागू होगी जब नेताओं का काम निकल जाए।

वैसे मुकाबला बेहद दिलचस्प बन पड़ा है। एनडीए में शामिल लोजपा अकेले ही चुनाव मैदान में है। पार्टी अध्यक्ष चिराग पासवान पहली बार अकेले ही कमान संभाले हुए हैं। उन्होंने खुलकर नीतीश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। हालांकि, भाजपा को लेकर वह मौन हैं।

तकरीबन सभी दलों ने अपने-अपने घोषणापत्र का एलान कर दिया है। एनडीए का मुकाबला राजद-कांग्रेस गठबंधन से है। राजद का साथ छोड़कर ही नीतीश कुमार ने भाजपा के साथ मिलकर सरकार बनाई थी। कोरोना संक्रमण से निपटने में खामियां और बाढ़ के हालात को लेकर विपक्ष उनपर हमलावर है। वहीं, नीतीश राजद नेतृत्व को अपरिपक्व करार देकर हमला बोल रहे हैं।