शोभायात्रा से शिवमय हुआ कचीगाम, नवनिर्मित शिव परिवार मंदिर में मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा आज 

संघ प्रदेश दमण के कचीगाम विस्तार में नवनिर्मित शिव परिवार मंदिर के तीन दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत मंगलवार को भव्य शोभायात्रा निकाली गयी. जिससे पूरा कचीगाम शिवमय नजर आया. इस शोभायात्रा में सांसद लालू पटेल सपरिवार शामिल हुए जबकि आज 8 फरवरी को शिव परिवार प्रतिमाओं की वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजा-अनुष्ठान के बीच मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा की जाएगी. जानकारी के अनुसार कचीगाम में श्री सांई युवक मंडल द्वारा नवनिर्मित शिव परिवार मंदिर में भगवान शिव, माता पार्वती, विघ्नहर्ता गणेश और भगवान कार्तिकेय की प्रतिमाओं की प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के दूसरे दिन मंगलवार को भव्य शोभायात्रा निकाली गयी. इसमें शिव परिवार की प्रतिमाओं को सजे वाहनों पर सवार कर नगर भ्रमण के लिये ले जाया गया. सांसद लालू पटेल ने अपने परिवार के साथ इस शोभायात्रा में शिरकत की. डीएमसी काउंसलर जयंति पटेल और कचीगाम के ग्रामीणों ने भी इस शोभायात्रा में शामिल होकर अपने को धन्य किया. सिर पर कलश लेकर मंगलगान करती महिलाएं भी शोभायात्रा के साथ चली. गाजे-बाजे के साथ निकली यह शोभायात्रा कचीगाम क्षेत्र में भ्रमण के बाद शिव परिवार मंदिर पर आकर संपन्न हुई. इसके बाद आज बुधवार को शिव परिवार की देव प्रतिमाओं की स्थापना के साथ ही तीन दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव पूर्ण हो जाएगा. शिव मंदिर के बाद अब शिव परिवार मंदिर के निर्माण के साथ ही कचीगाम शिव धाम के रूप में उभर के सामने आया है.