केतन पटेल की अगुवाई में महंगाई के विरूद्ध निकाली रैली 

दमण : संघ प्रदेश दमण-दीव प्रदेश कांगे्रस अध्यक्ष केतन पटेल की अगुवाई में मंगलवार को दमण में जनआक्रोश रैली निकाली गयी. महंगाई के विरूद्ध में  निकाली गयी रैली में काफी संख्या में कांगे्रसी प्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता शामिल हुए. दमण-दीव कांगे्रस द्वारा बस डिपो से निकाली गयी यह रैली शहर के विभिन्न विस्तारों से होते हुए समाहर्ता कार्यालय तक पहुंची. जहां पर केतन पटेल सहित अन्य कांगे्रसियों ने राष्ट्रपति के नाम लिखे पत्र को मामलतदार को सुपुर्द किया. प्रदेश कांगे्रस ने इस जनआक्रोश रैली से पेट्रोल-डीजल, खाने-पीने की वस्तुओं, एलपीजी गैस सहित जीवन जरूरी वस्तुओं की कीमतों मे बेतहाशा बढ़ोतरी से दमण-दीव के लोगों को हो रही परेशानी, दमण-दीव में बढ़ती बेरोजगारी, सेल परमिशन-जमीनों के एनए परमिशन देने में भारी लेटलतीफी होने, शिक्षकों से शिक्षेत्तर कार्य करवाने से शिक्षण पर प्रतिकूल असर पडऩे, पंचायतों को वैधानिक-कार्यकारी अधिकार दिलाने, दमण-दीव की जनता को असल लोकतंत्र का आभास कराने हेतु इस टेरीटेरी में मिनी एसेम्बली दिलाने सहित मुद्दों पर सरकार का ध्यान आकृष्ट कराने की कोशिश की है. इस रैली में केतन पटेल के अलावा खुर्शीद मांजरा, बाहुद्दीन बेग, सलीम मेमण सहित काफी संख्या में कांगे्रसी प्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता शामिल थे. देश के महामहिम राष्ट्रपति के नाम लिखे गये पत्र में कांगे्रस अध्यक्ष केतन पटेल ने बताया है कि दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि की जांच करने के लिए भाजपा की अगुवाई वाली एनडीए सरकार की विफलता के कारण आम लोगों को कठोर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. दालों, सब्जियां, चीनी, रसोई गैस, केरोसिन, पेट्रोल, डीजल, बिजली, पानी सहित दैनिक इस्तेमाल की वस्तुओं की कीमतों में कई गुना बढ़ोतरी ने घरेलू बजट को गंभीर रूप से बिगाड़ दिया है और आम लोगों पर निरंतर बोझ पैदा कर दिया है. एनडीए सरकार द्वारा अर्थव्यवस्था का पूरी तरह से लापरवाही किया गया है. सामान्य लोगों द्वारा दैनिक उपयोग की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों को नियंत्रित करने के लिए कोई दृष्टि और सोच नहीं है. विभिन्न नेताओं और एनडीए/भाजपा सरकार के मंत्री विभिन्न घोषणाएं कर रहे हैं और प्रतिबद्धताओं को व्यक्त करते हुए अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है. इसके साथ ही अपने पत्र में केतन पटेल ने अन्य कई मुद्दे भी उठाये है. दमण-दीव कांगे्रस अध्यक्ष केतन पटेल ने राष्ट्रपति से आग्रह करते हुए कहा है कि आप इस मामले में हस्तक्षेप करें ताकि आम आदमी को राहत मिल सके.