सिलवासा। संघ शासित प्रदेश दादरा और नगर हवेली के कनाडी फाटक में स्थित कृष्णा स्टील प्रोजक्ट्स कंपनी में भट्ठी फट जाने के कारण 3 मजदूरों की मौत हो गई है जबकि २ घायल बताए जाते है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है भट्ठी फटने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।
ज्ञात हो कि दिनांक १२ दिसंबर की रात्रि लगभग २:३० बजे कनाडी फाटक स्थित कृष्णा स्टील प्रोजक्ट्स कंपनी में भट्ठी के ऊपर ५ मजदूर काम कर रहे थे, अचानक वहां जोरदार धमाका हुआ और यहां काम कर रहे मजदूरों के परखच्चे उड गए, मौके पर ३ मजदूरों की झुलसकर मौत हो गई, वहीं २ मजदूर बुरी तरह से झुलसे हुए हैं जिनका इलाज सिलवासा स्थित श्री विनोबाभावे सिविल अस्पताल में चल रहा है। इनमें से ३ मृतकों की पहचान राजकुमार गुप्ता, विजय गुप्ता और तिलक राम के रूप में हुई है, यह तीनों मजदूर मध्यप्रदेश के निवासी है, घायल दोनो मजदूरों के नाम राजाराम और प्रदीप है यह दोनो उत्तरप्रदेश के निवासी हैं। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी मनस्वी जैन, सिलवासा थाना इंचार्ज के.बी. महाजन, नरोली चौकी इंचार्ज अनील टीके पुलिस दल के साथ घटना स्थल पर पहुंच कर मामले की जांच कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली में आए दिन मजदूरों की मौत होती रहती है लेकिन ऐसी घटनाओ पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्यवाही होती हुई देखने को नहीं मिली। दानह प्रशासन द्वारा मजदूरों के प्रति उदासिनता के कारण ही बार-बार हादसे होने के बाद भी कंपनी प्रबंधक सबक नहीं ले रहे हैं, इन हादसों के पीछे एक बडा मुख्य कारण दानह श्रम निरीक्षक तथा फैक्ट्री इंस्पेक्टर द्वारा समय-समय कंपनियों का औचक निरिक्षण नहीं करना, वही श्रम अधिकारी प्रशांत जोशी की कमाउनीति भी व्यसवस्था दुरुस्ती की राह में रोड़ा बनी हुई दिखाई देती है, श्रम विभाग में काम करते हुए प्रशांत जोशी ने कितनी चाँदी काटी इसकी जांच आज तक नहीं हुई आगे भी होगी या नहीं यह भी किसी को पता नहीं।
मजदूरों की मौत के बाद उनकी फाईले दबा दी जाती हैं और उन्हें उचित मुआवजा से भी वंचित रखा जाता है, जिन मामलो में मुआवजा मिलता है उनमे दलाल कमीशन मांगते है, जिसके कारण उनके परिवारों को भूखे मरने की नौबत आ जाती है इस संदर्भ में दानह प्रशासन को उचित ध्यान देने की जरूरत है।