विधानसभा चुनाव के संबंध में जिला चुनाव अधिकारी ने नोडल अधिकारियों संग की समीक्षा बैठक 

आगामी दिनों में होने वाले गुजरात विधानसभा चुनाव को लेकर वलसाड जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां जारी है. इसी क्रम में मंगलवार को जिला चुनाव अधिकारी ने नोडल अधिकारियों के साथ बैठक की. जानकारी के अनुसार गुजरात विधानसभा के सामान्य चुनाव-2017 के अंतर्गत वलसाड जिला चुनाव अधिकारी एवं जिला समाहर्ता सी.आर.खरसाण ने कलेक्टर कार्यालय के सभागार में चुनाव से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक की. इस बैठक में कलेक्टर सी.आर.खरसाण ने चुनाव निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण माहौल में हो, आदर्श आचार संहिता का चुस्त रूप से पालन हो इसके लिए भारतीय चुनाव आयोग के गाइडलाइन के तहत अनुशरण करने को कहा. उन्होंने ए.आर.ओ. एवं नोडल अधिकारियों के साथ उनके द्वारा चुनावलक्षी किये जाने वाले कार्य के बारे में जरूरी निर्देश भी दिया. मतदान केन्द्र में बदलाव की जानकारी मतदाताओं को करने, वीवीपेट निदर्शन अधिक सघन बनाने, फ्लाइंग स्क्वोड, पेड न्यूज पर नजर रखने, वाहन व्यवस्था, मतदाता सूची, नये बनाये गये मतदान केन्द्रों की जांच करने के साथ चुनाव कमिशन द्वारा अमल में लाये गये विविध पोर्टल की जानकारी लोगों तक पहुंचाने तथा चुनाव के संबंध में प्रतिदिन की जानकारी समय पर भेजने के लिए रिटर्निंग ऑफिसरों को कहा. इस बैठक में जिला विकास अधिकारी गौरांग मकवाणा, निवासी अधिक कलेक्टर आई.जे.माली, उप जिला चुनाव अधिकारी बी.एम.पटेल, प्रांत अधिकारियों एवं अमलीकरण अधिकारियों की उपस्थिति रही.